मध्यप्रदेश में पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड, राजधानी भोपाल समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में, दतिया रहा सबसे ज्यादा ठंडा

author-image
Vijay Choudhary
एडिट
New Update
मध्यप्रदेश में पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड, राजधानी भोपाल समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में, दतिया रहा सबसे ज्यादा ठंडा

BHOPAL. मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। पहाड़ों से आई सीधी बर्फीली हवा के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। राजधानी भोपाल समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार नए साल की शुरुआत में उत्तर के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वी और उत्तरी मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा रह सकता है।





कई शहरों में छा रहा कोहरा





ग्वालियर और इंदौर में अभी कोहरा छाने लगा है। जबलपुर में भी कोहरा देखा जा रहा  है। भोपाल में सुबह के समय हल्का कोहरा है, लेकिन पहली बार दृश्यता 2 किलोमीटर तक रह गई। सामान्यत: यह 5 किलोमीटर तक रहती है। आने वाले समय में ग्वालियर, चंबल में कोहरा और बढ़ सकता है।





publive-image





कई जिलों में 10 डिग्री के नीचे पारा





प्रदेश के कई जिलों में उत्तरी हवाओं के कारण रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। दतिया जिला सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। इसके अलावा धार, गुना, ग्वालियर, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, खजुराहो, नौगांव और सागर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया।





ये खबर भी पढ़िए...





पठान ट्रेलर रिलीज क्यों नहीं कर रहे? Ask SRK सेशन में फैंस ने शाहरुख से पूछा सवाल, SRK हंसकर बोले- मेरी मर्जी, जब आएगा तब आएगा





पश्चिमोत्तर हवाएं बर्फीली हवाएं ला रहीं 





मौसम विभाग अनुमान जताया है कि 27 से 30 दिसंबर के बीच दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़त हो होगी। अभी पश्चिमोत्तर हवाएं पहाड़ों से बर्फीली हवाएं लेकर आ रही हैं, जो 27 से बदल जाएंगी। इसके चलते दिन और रात दोनों के तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।





publive-image





सागर में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला शुरू





सर्दी बढ़ते ही सागर में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। पेंटेड स्टार्क के झुंड लाखा बंजारा झील के छोटे तालाब में दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में जूलॉजी विभाग की प्रोफेसर वर्षा शर्मा ने बताया कि हल्के सफेद रंग पर पूंछ की तरफ गुलाबी रंग पेंटेड स्टार्क को आकर्षक बनाता है। नर और मादा पेंटेड स्टार्क लगभग एक जैसे दिखते हैं। हालांकि, नर पक्षी मादा से थोड़ा बड़ा होता है। इनकी लंबाई औसतन 1 मीटर, पंखों का फैलाव औसतन डेढ़ मीटर, वजन 2 से 3.5 किलो होता है।





publive-image





29 के बाद पारा गिरने के आसार





भूमध्यसागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय के क्षेत्रों में सक्रिय होगा। इसके कारण 29 दिसंबर के बाद पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी। कुछ जगहों पर बारिश के भी आसार हैं। 29-30 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के चलते ताजा बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद हवा का पैटर्न बदलने पर मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। संभवत: ये इस सीजन के सबसे सर्द दिन होंगे।





उत्तरी हवाओं के चलने के कारण प्रदेश में बढ़ी ठंड





बीते 24 दिसंबर शनिवार की शाम से उत्तरी हवाएं चलने लगी थीं। इस कारण मध्यप्रदेश में दिन और रात का तापमान गिर गया। पाकिस्तान से आने वाली हवाओं के कारण हिमालय में बर्फबारी हुई। वहां से आने वाली उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ा है। अगले 48 घंटे तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद मौसम फिर बदलेगा और तापमान में हल्की बढ़त होगी। 29 से लेकर 31 दिसंबर तक तापमान बढ़ेगा। 30 दिसंबर को प्रदेश भर में हल्के बादल छा सकते हैं। बारिश की संभावना नहीं है।





publive-image





1 जनवरी से तापमान में होगी गिरावट





29 दिसंबर को सक्रिय सिस्टम का असर 31 दिसंबर तक रहेगा। इसके बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश भर में ठंड एक बार फिर जोर दिखाने लगेगी। अब तक बहुत ज्यादा स्ट्रॉन्ग सिस्टम नहीं बनने के कारण ठंड का असर कम रहा है। आने वाले समय में नए सिस्टम बनने की संभावना बनने लगी है। 





प्रदेश में कहां, कैसा रहेगा तापमान





अगले एक हफ्ते के दौरान ग्वालियर, सागर और जबलपुर और इसके आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन और इसके आसपास के जिलों में रात का पारा 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम यानी दिन का पारा इन इलाकों में 22 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।





publive-image





10 साल में पहली बार सबसे गर्म रहा दिसंबर





मध्यप्रदेश में 10 साल में पहली बार ऐसा रहा, जब दिसंबर में सर्दी कम रही। लोगों को इस बार दिसंबर में भी पंखे का सहारा लेना पड़ा। बीच में साइक्लोन मैंडूस के कारण सिर्फ 2 दिन ही लोगों को दिन में सर्दी का अहसास हुआ, लेकिन रात को ठंड नहीं रही। प्रदेश के चार प्रमुख शहरों के 10 साल के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो दिसंबर 2022 सबसे गर्म रहा। चारों प्रमुख शहरों में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल और इंदौर में यह सबसे ज्यादा रहा। अब तक सबसे ज्यादा ठंड वाले जबलपुर-ग्वालियर में भी लोगों को ठंड इस बार दिसंबर में उतनी कंपकंपा नहीं पाई।



MP News Madhya Pradesh weather मध्यप्रदेश का सबसे ठंडा शहर मध्यप्रदेश के कई शहरों में शीतलहर मध्यप्रदेश का मौसम cold wave many cities Madhya Pradesh मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड मध्यप्रदेश मौसम अपडेट increased cold Madhya Pradesh Madhya Pradesh weather update